साढ़े 10 बजे जुटे, 15 मिनट नारेबाजी के बाद 11 बजे तक ज्ञापन थमाकर लौट गए सब, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- गर्मी ज्यादा थी

पेट्राेल-डीजल की बढ़ती कीमताें के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस का प्रदर्शन औपचारिक ही रहा। पौन घंटे में यह सब खत्म हो गया। कई कार्यकर्ता तो ज्ञापन दिए जाने के बाद पहुंचे। जो पहुंचे, वे भी पदाधिकारियों के साथ सेल्फियां लेते रहे।

सुबह सवा 10 बजे कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन आहूत था। कार्यकर्ता-पदाधिकारियों का आना साढ़े 10 बजे शुरू हुआ। शहर जिलाध्यक्ष गाेपाल शर्मा और देहात अध्यक्ष लालसिंह झाला के नेतृ़त्व में कुछ देर कीमताें में बढ़ाेतरी के खिलाफ नारे लगाए गए। पदाधिकारियों ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि पेट्राेल-डीजल की कीमतें एक साथ और लगातार बढ़ी हैं।

एक तरफ लाॅक डाउन से लोग वैसे ही चिंतित हैं, दूसरी तरफ पेट्राेल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। आमजन को न घर में राहत है, न बाहर। इस प्रदर्शन के बाद करीब 11 बजे एडीएम संजय कुमार काे ज्ञापन साैंपा गया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ. गिरिजा व्यास, सीडब्ल्यूसी सदस्य रघुवीर मीणा, खेरवाड़ा विधायक दयाराम परमार, पूर्व विधायक सज्जन कटारा, मांगीलाल गरासिया, पूर्व शहर अध्यक्ष मधुसूदन शर्मा और विवेक कटारा भी माैजूद थे। इधर किसान कांग्रेस के सद्दाम हुसैन और कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त संभागीय आयुक्त काे ज्ञापन साैंपा। बता दें कि यह प्रदर्शन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर हुआ था।

जल्दबाजी ऐसी कई कार्यकर्ताओं के पहुंचने से पहले ही दे दिया ज्ञापन

लंबे समय बाद कांग्रेस का कलेक्ट्री बाहर यह प्रदर्शन था। जनता से जुड़ा देश का सबसे बड़ा मुद्दा हाेेने के बावजूद नारेबाजी में भी वाे जाेश नहीं दिखा, जाे कि विपक्ष के प्रदर्शन में अमूमन नजर अाता है। कई कार्यकर्ता पदाधिकारियों के साथ सेल्फी लेने में ज्यादा सक्रिय दिखे।

जल्दबाजी भी इतनी रही कि कई कार्यकर्ता कलेक्ट्री बाहर पहुंचे, तब तक ताे पदाधिकारी एडीएम काे ज्ञापन देकर कलेक्ट्री से बाहर आ चुके थे और यहां ठहरे कार्यकर्ता भी रवाना हाेना भी शुरू हाे गए थे। कार्यकर्ता इस उम्मीद से थोड़ी देरी से पहुंचे थे कि धरना दोपहर तक चलेगा। जयपुर सहित अधिकांश जगह दोपहर तक धरना चला।

टेंट तो दूर, माइक भी नहीं लगा सके, गर्मी ज्यादा होने से कार्यकर्ताओं में जोश कम रहा

  • हमने प्रशासन से धरने की अनुमति मांगी थी, लेकिन अधिकारियों कहना था कि साेशल डिस्टेंस रहे ताे ठीक रहेगा। धरना देते ताे टेेंट भी लगाते। उसमें भीड़ बैठती ताे साेशल डिस्टेंस की पालना नहीं हाे पाती। इसलिए मैंने और देहात अध्यक्ष ने टेंट नहीं लगाना तय किया। रही बात जोश की तो गर्मी ज्यादा हाेने से कार्यकर्ताओं में जाेश कम रहा। प्रशासन ने माइक लगाने से भी मना किया था। माइक लगता ताे भी भाषण से जाेश आ जाता। हमें ताे जनता काे मैसेज देना था, वह देने का प्रयास किया है।

- गाेपाल शर्मा, कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
उदयपुर. पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कलेक्ट्री बाहर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता।


source https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/udaipur/news/convened-at-half-past-ten-after-15-minutes-of-sloganeering-everyone-returned-by-handing-out-the-memorandum-congress-district-president-said-the-heat-was-high-127462084.html

Comments