26 नए कोरोना मरीज आए, एमबीएस के रेजीडेंट व 3 बंदियों समेत 2 दुकानदार भी पॉजिटिव मिले
कोटा में मंगलवार को भी 26 नए कोरोना संक्रमित मरीज आए। अब कुल मरीजों की संख्या 1422 पहुंच गई है। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि सुबह की शिफ्ट में 17 और शाम की शिफ्ट में 9 नए पॉजिटिव मरीज पाए गए। इनमें इंदिरा गांधी नगर, खेड़ली फाटक, आरकेपुरम, पूनम कॉलोनी, किशोरपुरा, कैथूनीपाेल, पाटनपोल, इंदिरा कॉलोनी, तलवंडी, विवेकानंद नगर, कुन्हाड़ी, सब्जीमंडी सांगोद तथा सेंट्रल जेल से 3 और बंदी पाॅजिटिव मिले हैं।
इसके अलावा शाम की रिपोर्ट में महावीर नगर एक्सटेंशन, भाटापाड़ा रामपुरा, पुलिस लाइन, कोटड़ी, आरपीएस कॉलोनी, सुभाष कॉलोनी व एमबीएस हॉस्पिटल के पीजी हॉस्पिटल से पॉजिटिव केस रिपोर्ट हुए हैं।
गलत एड्रेस पर बैरीकेड लगा गई पुलिस
महावीर नगर एक्सटेंशन में मंगलवार को अजीबोगरीब वाकया हुआ। हुआ यूं कि पूर्व में काेरोना से रिकवर हो चुके मरीज को नया पॉजिटिव मानकर थाने से पुलिस वाले आए और गली की बैरीकेडिंग कर गए। मरीज खुद बाहर गया हुआ था, जब घर व पड़ोस से उनके पास फोन आए तो वे दंग रह गए। क्योंकि उन्होंने तो दोबारा सैंपल ही नहीं दिया था, ऐसे में पॉजिटिव कैसे आ सकते थे।
बाद में पता चला कि उनकी पॉजिटिव डेट 26 जून की जगह गफलत से थाने या मेडिकल कॉलेज के स्तर पर 26 जुलाई दर्ज हो गई, इसलिए पुलिस वालों ने उन्हें नया केस मान लिया और वहां बैरीकेडिंग करने पहुंच गए। बाद में जब मामला क्लियर हुआ तो बैरीकेड हटा दिए गए।
कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग: दूसरे प्रदेशों से लौटे 3 व्यक्ति मिले पॉजिटिव
एमबीएस अस्पताल में कार्यरत एक और रेजीडेंट डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वे पीजी हॉस्टल में रहते हैं। न्यूरोलॉजी विभाग में 31 साल के डीएम रेजीडेंट को सोमवार को अचानक गले में खराश हुई और शाम को बुखार आया तो उन्होंने सैंपल दिया, रिपोर्ट में वे पॉजिटिव पाए गए। शहर पुलिस लाइन में एक ट्रेनिंग में भाग लेने आए कैथून थाने के दो कांस्टेबल पॉजिटिव मिले हैं।
ट्रेनिंग में आने पर इनके सैंपल कराए गए थे, जिसमें दोनों पॉजिटिव निकले। किशोरपुरा में कोरोना से मरने वाले बुजुर्ग का बेटा भी पॉजिटिव मिला है। वहीं, खेड़लीफाटक निवासी 54 साल के मरीज का दवा का कारोबार है, जयपुर की ट्रैवल हिस्ट्री है। उधर, मरीजों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में सामने आया कि विवेकानंद नगर निवासी 22 साल का युवक गुजरात में किसी कंपनी में असिस्टेंट इंजीनियर है। वहीं, आरकेपुरम व महावीर नगर एक्सटेंशन वाले मरीज महाराष्ट्र व गोरखपुर (यूपी) से कोटा आए हैं। इनके रेलवे स्टेशन पर सैंपल लिए गए थे।
कैथूनीपोल में 9 साल का बच्चा पॉजिटिव आया है, उसके पिता एक दिन पहले पॉजिटिव आए थे। पाटनपोल निवासी एक ही परिवार से दो महिलाएं पॉजिटिव आई हैं, इनके परिवार में भी पहले पॉजिटिव आ चुके। कंसुआ राजपूत कॉलोनी में संक्रमित मिला 28 साल युवक रायपुरा चौराहे पर कचौरी का ठेला लगाता है। पूनम कॉलोनी की वृद्धा पॉजिटिव आई है। वहीं कुन्हाड़ी बालिता रोड निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति भी पॉजिटिव मिला है। इसकी रिपोर्ट आते ही टीमों ने फोन लगाया तो पता लगा कि वो मप्र के आगर स्थित अपने गांव चला गया है।
5 डॉक्टर एपीओ : कोटा से मंगलवार रात 5 डॉक्टरों को एपीओ कर दिया गया। इसके पीछे प्रशासनिक कारण बताए गए हैं। इनमें एमबीएस अस्पताल से डॉ. अरुण कुमार शर्मा, डॉ. संजीव सक्सेना, डॉ. अभिनव शर्मा शामिल हैं। इनके अलावा सीएचसी विज्ञान नगर से डॉ. जितेंद्र कुमार मीणा, सीएचसी मोडक से डॉ. रमेश कुमार कारगवाल को एपीओ किया गया है। हालांकि इसमें कुछ डॉक्टरों ने नए पदस्थापन पर ज्वाॅइन नहीं किया।
गले में फंस गई सैंपल स्टिक, बमुश्किल निकली
बोरखेड़ा क्षेत्र में कोविड सैंपल लेने के दौरान सैंपल की स्टिक एक महिला के गले में फंस गई। इससे कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि बाद में स्टिक निकाल ली गई। महिला खुद सैंपल देने गई थी।
27 मरीज डिस्चार्ज
नए अस्पताल से मंगलवार को भी 27 मरीज डिस्चार्ज किए गए। वहीं, 13 मरीजों को होम क्वारेंटाइन पर भेजा गया। अधीक्षक डॉ. सीएस सुशील ने बताया कि हमारे यहां से अब तक 1216 मरीज डिस्चार्ज होकर जा चुके हैं। इनमें हाड़ौती के अन्य जिलों के मरीज भी शामिल हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/kota/news/26-new-corona-patients-arrived-2-shopkeepers-including-mbs-resident-and-3-detainees-also-found-positive-127563044.html
Comments
Post a Comment