लगातार पांचवें साल झुंझुनूं, सीकर व नागौर टॉप तीन में, यहां के छात्रों ने पीछे छोड़ा बड़े शहरों को
(आरिफ कुरैशी) आरबीएसई दसवीं के परिणाम में लगातार पांचवें साल भी झुंझुनूं, सीकर व नागौर टॉप थ्री में शामिल हुए हैं। बड़े शहरों के छात्रों को यहां के छात्रों ने एक बार फिर से पीछे कर दिया है। इस साल 88.27 प्रतिशत रिजल्ट देकर झुंझुनूं अव्वल रहा। वहीं पिछले साल टॉप पोजिशन पर रहने वाला सीकर इस साल 87.64 प्रतिशत के साथ दूसरे व नागौर 87.20 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा है।
साल 2016 से ये तीनों जिले ही सबसे अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं। साल 2015 में सवाईमाधोपुर व बारां टॉप थ्री लिस्ट में आए थे। उधर, विषयवार रिजल्ट में अभी भी प्रदेश के दसवीं बोर्ड के छात्रों का सबसे मुश्किल विषय गणित है। सामाजिक विज्ञान व हिंदी में छात्र अच्छा स्कोर कर रहे हैं।
हालांकि गणित का परिणाम पिछले सालों की तुलना में अच्छा रहा है। इस साल गणित में 85.48 प्रतिशत छात्र पास हुए। 2019 में गणित में 82.29 प्रतिशत छात्र ही पास हो पाए थे। बोर्ड द्वारा 10वीं में हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और गणित की परीक्षाएं मुख्य रूप से आयोजित की जाती हैं।
इस साल विज्ञान, गणित, अंग्रेजी व हिंदी के परिणाम % में बढ़ोतरी
इस बार सामाजिक विज्ञान के परिणाम में मामूली गिरावट आई है। साल 2019 में सामाजिक विज्ञान में 94.38 छात्र पास हुए थे। वहीं इस साल 93.55 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। विज्ञान, गणित, अंग्रेजी व हिंदी के परिणाम प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है। गणित का परिणाम पिछले चार सालों में पहली बार 85 प्रतिशत से अधिक गया है। हिंदी का परिणाम सबसे अच्छा और मैथ्स में सबसे कम रिजल्ट रहा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/ajmer/news/jhunjhunu-sikar-and-nagaur-in-top-three-for-the-fifth-consecutive-year-students-here-left-behind-big-cities-127562561.html
Comments
Post a Comment